बिहार की जनता अब विकास और स्थिरता चाहती है -मुख्यम़त्री धामी
रुड़की (उत्तराखंड)-बिहार की जनता अब विकास और स्थिरता चाहती है। बिहार के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों में उन्होंने स्वयं वहां जनता में डबल इंजन की सरकार बनाने की उत्सुकता स्पष्ट देखी है। बिहार के आमजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार में भी डबल इंजन की सरकार बनेगी और वहां विकास की गंगा बहेगी।
उक्त बातें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्मित जिला कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहीं।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने हवन, पूजा व मंत्रोच्चार के साथ भाजपा के नवनिर्मित रुड़की कार्यालय को लोकार्पित किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, सांसद त्रिवेन्द्र रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज धनतेरस जैसे शुभ अवसर पर इस कार्यालय का उद्घाटन होना बेहद सौभाग्य की बात है। यह शुभ दिन संगठन के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आया है। सीएम ने कहा कि भाजपा एक सशक्त और अनुशासित संगठन है, जो समाज के हर वर्ग तक अपनी पहुंच को निरंतर विस्तार दे रहा है। रुड़की को संगठनात्मक रूप से अलग जिला बनाया गया है, जिसमें छह विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यह नया कार्यालय हमारे संगठन के विस्तार और जनसेवा का केंद्र बनेगा। यहां से कार्यकर्ता समाज की समस्याओं के समाधान और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपावली के पर्व पर हमें स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हम अपने स्थानीय उत्पादों को अपनाते हैं, तो हम न केवल अपनी संस्कृति और परंपरा को सशक्त करते हैं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यालय केवल एक भवन नहीं बल्कि विचार, समर्पण और जनभावनाओं का केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि रुड़की का यह नया कार्यालय आने वाले वर्षों में संगठन को नई दिशा देगा और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, संवाद और जनसंपर्क का मुख्य केंद्र बनेगा।

Comments
Post a Comment